दूसरे राज्यों से यूपी-एमपी बार्डर पर भारी संख्या में पहुंच रहे मजूदर, 100 बसों की मदद से उन्हें गृह जिलों में भेजा जा रहा
उत्तर प्रदेश ही नहीं पूरे देश में कोरोनावायरस की वजह से संकट की स्थिति पैदा हो गई है। दूसरे राज्यों से यूपी-एमपी बॉर्डर पर आने वाले मजदूरों को पुलिस सरकारी बसों के माध्यम से उन्हें उनके घरों तक पहुंचा रही है। इस बीच इन्हीं व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे एडीजी ने हालात का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि यहां गैर राज्यों से हजारों की तादाद में मजदूरों को छोड़ दिया जाता है। लेकिन यहां पर उनके खाने-पीने और घर तक पहुंचाने की व्यवस्था जिला प्रशासन करा रहा है।
रक्सा थाना क्षेत्र स्थित यूपी-एमपी सीमा का जायजा लेने पहुंचे अपर पुलिस महानिदेशक जेएन सिंह ने गैर राज्यों से आ रहे प्रवासी मजदूरों से बातचीत करके उनका हाल जाना और पुलिस अफसरों को पूरी मुस्तैदी से काम करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि यहां मजदूरों की बढ़ती तादाद को देखते हुए प्रतिदिन कम से कम एक ट्रेन चलाने की आवश्कता है, ताकि मजदूर समय से अपने घर पहुंच सकें। मजदूरों का पूरा ध्यान पुलिस रख रही है, उनको खाना व पानी भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
अपर पुलिस महानिदेशक जेएन सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि लाॅकडाउन के बाद से ही सबसे ज्यादा काम झांसी जिले में बढ़ गया है। मुंबई से लेकर इंदौर व अन्य मध्य प्रदेश के जिलों से आने वाले मजदूर झांसी से होकर निकल रहे हैं।ऐसे में झांसी जिले में कदम-कदम पर चुनौतियां बढ़ी हैं। हर समय मजदूरों के निकलने के कारण जिला संवेदनशील हो चुका है। ऐसे में पुलिस महकमे को हर समय सतर्क रहने की जरूरत है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/uttar-pradesh/news/jhansi-coronavirus-news-today-lockdown-latest-may-15th-update-migrant-workers-in-up-mp-border-latest-news-127303968.html
Comments
Post a Comment